गुमला| होली पर्व के मद्देनज़र दूध व दुग्ध उत्पाद, मसाले, खाद्य तेल तथा बेसन जैसे खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले के पालकोट क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा मानकों व जनस्वास्थ्य से जुड़े नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों से जुर्माना भी वसूला गया। निरीक्षण के क्रम में पालकोट बाजार क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों बंशीधर होटल, पालकोट मिष्ठान भंडार और डेयरी, सोनाली स्वीट्स व चाइनीज फूड, गुप्ता भोजनालय, कंसारी बुक डिपो, हिंदुस्तान डेयरी फ्रेश फिशरीज और रिसर्च सेंटर, रामविलास स्टोर आदि की गहन जांच की गई। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों के भंडारण, स्वच्छता, लेबलिंग, एक्सपायरी तिथि, पैकेजिंग मानक व गुणवत्ता की बारीकी से पड़ताल की गई। बंशीधर होटल से कलाकंद व पालकोट मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला तथा पनीर के नमूने, वहीं हिंदुस्तान डेयरी फ्रेश फिशरीज व रिसर्च सेंटर से पनीर का नमूना विधिवत सील करते हुए प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत मानकों में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


