अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है। परिवादी आयुषी शर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आयुषी शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह रोजाना आरआर कॉलेज ग्राउंड में दौड़ लगाने जाती है। 7 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजे भी वह अपने भाई की स्कूटी लेकर आरआर ग्राउंड, आरआर सर्किल के पास दौड़ लगाने गई थी। उसने एसएमडी सर्किल की ओर वाले गेट पर स्कूटी खड़ी की थी।
करीब एक घंटे बाद सुबह 7 बजे जब वह ग्राउंड से बाहर आई तो उसकी स्कूटी अपने निर्धारित स्थान से गायब मिली। पीड़िता ने बताया कि स्कूटी में 5 सीसीटीवी कैमरे, एक डीवीआर मशीन और करीब 20 हजार रुपये नकद रखे हुए थे, जो स्कूटी चोरी होने के साथ ही गायब हो गए। आयुषी के अनुसार उसका भाई सीसीटीवी कैमरे लगाने का काम करता है और वह कंपनी से देर रात लौटा था, इसी कारण जरूरी सामान स्कूटी में ही रखा हुआ था। घटना के बाद आयुषी शर्मा ने अरावली विहार थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही स्कूटी व चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।


