बीकानेर के खाजूवाला में शनिवार देर रात आग लगने से सब्जी की कई दुकानें जलकर राख हो गई। खाजूवाला के गोगामेड़ी के पास सब्जी मंडी में भीषण आग लगी थी, जिसके बाद एक बार तो अफरातफरी फैल गई। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। ये दुकानें 11 हजार केवी की बिजली लाइन के नीचे ही है, ऐसे में शॉर्ट सर्किट से ही आग लगने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार गोगामेड़ी सब्जी मंडी में देर रात करीब बारह बजे अचानक आग लग गई। आग की लपटें दूर तक दिखाई दी। 11 हजार केवी लाइन के नीचे बड़ी संख्या में सब्जी की दुकानें हैं। ये अस्थायी दुकानें कपड़े से बनी हुई है, जिसने तुरंत आग को बढ़ा दिया। शॉर्ट सर्किट से खोखा-छप्पर में आग पहुंच गई। कपड़ों के कारण आग तेज गति से विकराल रूप में पहुंच गई। देर रात गश्त पर निकली खाजूवाला पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड भी तत्परता से पहुंची। जिसके बाद आग पर काफी मशक्कत के बाद नियंत्रण किया। देर रात तक रुक रुककर आग की लपटें नजर आती रही। गैस सिलेंडर भी थे मौके पर सब्जी मंडी में एक दुकान चाय की थी, जिसमें गैस से भरे सिलेंडर रखे हुए थे। ग्रामीणों ने रात में ही इन सिलेंडर को बाहर निकाला। इन तक आग पहुंचने पर विस्फोट भी हो सकता था। जिससे कोई जनहानि भी हो सकती थी। काफी भारी नुकसान गरीब दुकानदारों को आग से काफी नुकसान हुआ है। बची हुई सब्जी भी जलकर राख हो गई। वहीं दुकानें भी फिर से तैयार करनी पड़ेगी। इन दुकानों में रखा कीमती सामान भी जलकर राख हुआ है।


