झालावाड़ में राजपूत हॉस्टल में मेडिकल छात्रों ने की मारपीट:वार्डन ने ​दी रिपोर्ट, मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने भी किया केस

झालावाड़ के जिला मुख्यालय स्थित राजपूत हॉस्टल में रविवार शाम मेडिकल कॉलेज के लगभग 70-80 छात्रों द्वारा घुसकर समाज के युवकों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद राजपूत समाज में आक्रोश व्याप्त है। हॉस्टल वार्डन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद रविवार देर रात रिपोर्ट दर्ज की गई। हॉस्टल के वार्डन दुर्गेश सिंह राजावत ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्रों ने हॉस्टल परिसर में प्रवेश किया और वहां रहने वाले समाज के युवाओं के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही राजपूत समाज के लोग झालावाड़ कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सभी दोषियों पर समान रूप से कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। समाज प्रतिनिधियों ने यह भी बताया कि मेडिकल छात्रों से जुड़ी ऐसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस बार ऐसी कार्रवाई की जाए जो एक मिसाल बने, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मेडिकल कॉलेज छात्रों ने भी मारपीट की दी रिपोर्ट
पुलिस ने पुष्टि की है कि दोनों पक्षों की ओर से मारपीट की धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं और जांच जारी है। कोतवाली सीआई मुकेश मीना ने सोमवार को बताया कि मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने भी हॉस्टल के दो-तीन युवाओं के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। हॉस्टल के वार्डन ने दी रिपोर्ट
वहीं, राजपूत हॉस्टल के वार्डन ने दो नामजद और अन्य मेडिकल कॉलेज छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के छात्रों का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है।
राजपूत समाज के करणी सेना के समर प्रताप सिंह ने बताया कि उन्होंने नामजद रिपोर्ट दी है और पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *