धनबाद में रिकवरी एजेंट की हत्या की इनसाइड स्टोरी:70 लाख की संपत्ति को 40 लाख में कराया नीलाम, नाराजगी में कर दिया मर्डर

धनबाद के बाबूडीह के रहने वाले और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के रिकवरी एजेंट अमित कुमार की लोन विवाद में अगवा कर हत्या कर दी गई। अमित का शव ढांगी मोड़ के पास स्थित सूर्या हाईलैंड सिटी में आरोपी विकास खंडेलवाल के आवास के किचन से बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी विकास को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी विकास ने पुलिस को जो जानकारी दी, उसके मुताबिक बलियापुर में उसका आटा मिल है। उसने घर और दुकान के लिए बैंक से 70 लाख रुपए का लोन लिया था, जो बाद में एनपीए हो गया। अमित ने बैंक के माध्यम से उसकी 70 लाख की संपत्ति को 40 लाख में नीलाम करवा दिया था। इसी रंजिश के कारण उसने शनिवार को फोन कर अमित को बुलाया और उसकी हत्या कर दी। बेरहमी से की गई अमित की हत्या, किचन से मिली बॉडी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अमित की हत्या धारदार हथियार से अत्यंत बेरहमी से की गई थी। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के कई निशान पाए गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी विकास ने अमित को घर बुलाकर हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बड़ी बेरहमी से हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार अमित के सिर के पीछे, चेहरे सहित कई जगहों पर मारने के निशान मिले हैं। रविवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया। जहां से कई जानकारी मिली। शरीर पर कैंची और कटार आदि से काटने के निशान मिले। कान के नीचे गहरा सुराख मिला। ऐसा लगता है कि किसी लोहे की छड़ या कैंची आदि से मारा गया था। शनिवार सुबह 11 बजे घर से निकले जानकारी के अनुसार, अमित शनिवार सुबह 11 बजे घर से निकले थे। शाम करीब 4 बजे अमित के मोबाइल से परिजनों को फोन आया, जिसमें 15 लाख रुपए की फिरौती नहीं देने पर हत्या की धमकी दी गई। इसके बाद अमित का मोबाइल बंद हो गया। अमित कुमार की पत्नी संगीता की शिकायत पर धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस को दिए आवेदन में संगीता ने बताया कि उनके पति शनिवार सुबह करीब 11 बजे बाइक से घर से निकले थे और उन्होंने कहा था कि आने में देर हो सकती है। दोपहर करीब 2 बजे उनके बच्चे ने अमित के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद शाम करीब 6 बजे दोबारा फोन करने पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल रिसीव किया और कहा, “आप अमित जी की पत्नी बोल रही हैं न?” कॉलर ने बताया कि अमित का अपहरण कर लिया गया है और उन्हें छोड़ने के बदले 15 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। फिरौती नहीं देने पर हत्या करने की धमकी भी दी गई। मोबाइल लोकेशन से पहुंची पुलिस पुलिस आरोपी विकास खंडेलवाल तक मोबाइल लोकेशन के माध्यम से पहुंची। शनिवार को अमित का अंतिम मोबाइल लोकेशन गोविंदपुर ऊपर बाजार में मिला था, इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे अमित का मोबाइल दोबारा चालू हुआ, जिसकी लोकेशन सूर्या हाईलैंड सिटी मिली। लोकेशन के आधार पर पुलिस वहां पहुंची, लेकिन कुछ ही देर में मोबाइल फिर बंद हो गया। इसी दौरान आरोपी विकास मोबाइल फोन को ढांगी मोड़ के पास फेंककर वापस लौट आया। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर पूरा मामला सामने आ गया। पूछताछ के दौरान विकास ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। ——————————————————– इसे भी पढ़ें….. धनबाद में PNB के लोन रिकवरी एजेंट की हत्या:लोन सेटलमेंट विवाद में किया मर्डर, आरोपी गिरफ्तार, उसी के घर से बरामद हुआ शव धनबाद के बाबूडीह खटाल निवासी और पीएनबी बैंक के लिए लोन रिकवरी का काम करने वाले अमित कुमार के लापता होने के बाद आज शव बरामद कर लिया गया है। उनकी हत्या के आरोप में विकास खंडेलवाल नाम के व्यक्ति को अरेस्ट किया गया है। विकास की निशानदेही पर अमित की बॉडी सदर थाना क्षेत्र स्थित सूर्य हाइलैंड सोसाइटी में उसी के घर से बरामद की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। यहां पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *