राजस्थान के कोटा में एक 3 मंजिला बिल्डिंग ढह गई। दावा किया जा रहा है जिस रेस्टोरेंट की बिल्डिंग के कारण हादसा हुआ वो अवैध है। इस रेस्टोरेंट को करीब दो महीने पहले ही नगर निगम ने बंद करा दिया था। फिर भी इसमें निर्माण काम हो रहा था। शनिवार रात को यहां के कंस्ट्रक्शन के कारण पड़ोस वाले दिल्ली रेस्टोरेंट की बिल्डिंग ढह गई। इसमें एक कोचिंग स्टूडेंट सहित दो की मौत हो गई। जबकि, 5 लोग गंभीर घायल हैं। डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया- रेस्टोरेंट के कर्मचारी भूपेंद्र मीणा की शिकायत पर पास वाले मुरादाबादी रेस्टोरेंट संचालक और बिल्डिंग मालिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद प्रशासन ने तय किया कि कोटा शहर में मौजूद सभी खंडहर, जर्जर और निर्माणाधीन इमारतों का सर्वे कराया जाएगा। दो से तीन दिन के भीतर यह सर्वे पूरा किया जाएगा। स्थानीय लोगों का दावा- पहले भी की थी शिकायत बिल्डिंग हादसे को लेकर लोगों में नाराजगी है। पार्षद योगेश आहलूवालिया ने बताया – हादसा पूरी तरह से निगम की लापरवाही, बिल्डिंग मालिक की लापरवाही की वजह से हुआ। जो रेस्टोरेंट ढहा है और इसके पास वाले मुरादाबादी रेस्टोरेंट को 2 महीने पहले भी बंद करवाया गया था, लेकिन फिर से इन लोगों ने यहां पर काम शुरू कर दिया। इसके बाद न तो निगम ने कभी यहां आकर देखा न कोई जांच की। करीब 6 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन धमाके साथ ढही दिल्ली रेस्टोरेंट की बिल्डिंग में 10 से ज्यादा लोग दब गए थे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान हालात यह थे कि मलबे में दबे लोग चीख रहे थे, हमें बचा लो। किसी का हाथ बाहर दिख रहा था तो किसी का पैर। SDRF की टीम रात करीब 3 बजे तक मलबे में दबे लोगों को निकालने में जुटी रही। रेस्क्यू के दौरान बचाव दल का एक कर्मचारी भी घायल हो गया। वहीं, हादसे में पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक कोचिंग स्टूडेंट अनारन्य कर्माकर (20) और एक बैलून बेचने वाले नाबालिग की मौत हो गई। देखिए- घटनास्थल की तस्वीरें… राजस्थान- रेस्टोरेंट बिल्डिंग दिन में हिली, रात में ढह गई:मां के साथ खाना खाने आए स्टूडेंट की मौत, बैलून बेचने वाले नाबालिग ने भी दम तोड़ा


