सतना के कोलगवां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ओमनी वैन अनियंत्रित होकर केबल फैक्ट्री की दीवार से जा टकराई। हादसा रात करीब 2:30 बजे हुआ। वैन चालक बरा कला निवासी 26 वर्षीय अनिल कुमार विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। राहगीरों और डायल-112 की मदद से उन्हें वैन का दरवाजा तोड़कर बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, अनिल अपने दोस्त के भाई की बारात से मैहर से लौट रहा था। उसने मारुति नगर में अपने दोस्तों को छोड़ा और फिर अपनी ओमनी वैन (MP 35 BA 0912) से घर जा रहा था। इसी दौरान बर्दाडीह के पास यह हादसा हो गया। गड्ढे में पहिया जाने से फेल हुई स्टेयरिंग बर्दाडीह के पास सड़क पर खुदे गड्ढे के कारण वैन अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान स्टेयरिंग फेल होने से वैन सीधे केबल फैक्ट्री की दीवार से जा टकराई। टक्कर के बाद अनिल वैन के अंदर बुरी तरह फंस गया था। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल डॉयल 112 को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद वैन का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया। आंतरिक रक्तस्राव, हालत गंभीर अनिल को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार, अनिल को आंतरिक रक्तस्राव (Internal Bleeding) हुआ है और उनके दाहिने पैर में भी गंभीर चोटें आई हैं। उनका इलाज जारी है।


