कोडरमा में युवक-युवती ने की आत्महत्या:अलग-अलग गांवों में एक ही रात फांसी लगाकर दी जान, मौत की वजह नहीं आई सामने

कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र में एक ही रात युवक और युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाएं अलग-अलग गांवों तेतरियाडीह और बेहराडीह की हैं। मृतकों की पहचान तेतरियाडीह निवासी 17 वर्षीय साहिल कुमार और बेहराडीह निवासी 15 वर्षीय प्रियांशी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने अपने-अपने घरों में फांसी लगाकर जान दी। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है, हालांकि अभी तक ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया है। फंदे से लटकता मिल साहिल का शव साहिल की मां ने पुलिस को बताया कि उनके पति वाहन चलाने के काम से गांव से बाहर गए हुए थे। रात को खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। सुबह जब उन्होंने साहिल को जगाने की कोशिश की तो कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो पड़ोसियों को बुलाया गया। दरवाजा तोड़ने पर साहिल कमरे में पंखे से फंदा बनाकर लटका मिला। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। साहिल तेतरियाडीह गांव का रहने वाला था और कक्षा 11वीं का छात्र था। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। प्रियांशी भी कमरे में छत से झूलती मिली बेहराडीह गांव में प्रियांशी कुमारी की आत्महत्या का मामला भी कुछ इसी तरह का है। परिजनों के अनुसार, बीती रात खाना खाने के बाद प्रियांशी अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह जब उसकी मां ने उसे उठाने का प्रयास किया तो दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पिता ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां प्रियांशी छत से फंदा बनाकर झूलती हुई मिली। जब तक उसे नीचे उतारा गया, उसकी भी मौत हो चुकी थी। प्रियांशी कक्षा 10वीं की छात्रा थी और इन दिनों बोर्ड की परीक्षा दे रही थी। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही डोमचांच पुलिस दोनों गांवों में पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *