बांसवाड़ा के सदर थाना इलाके में गरिया गांव के नाले में मिली युवक की लाश के मामले में पुलिस ने मृतक के दोस्त दिनेश खराड़ी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि जेल के दौरान बने प्रेम संबंध और दोस्ती में मिले धोखे के चलते युवक की हत्या की गई। सदर सीआई रूपसिंह ने बताया कि मृतक विशाल और आरोपी दिनेश खराड़ी आपस में दोस्त थे। करीब डेढ़ साल पहले दिनेश किसी मामले में जेल चला गया था। जेल में रहने के दौरान उसकी प्रेमिका लक्ष्मी ने विशाल से संपर्क कर जमानत कराने में मदद मांगी थी। इसके बाद विशाल लक्ष्मी को दिनेश से मिलाने जेल ले जाया करता था। जेल में बंद दोस्त की गैरमौजूदगी में बढ़ी नजदीकियां पुलिस जांच में सामने आया कि इसी दौरान विशाल और लक्ष्मी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। दिसंबर 2024 में दिनेश जेल से बाहर आया। बाहर आने के बाद जब उसे इस रिश्ते की जानकारी मिली, तो उसने विशाल से बदला लेने का फैसला कर लिया। 30 जनवरी से लापता था विशाल विशाल 30 जनवरी से लापता था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार को गरिया गांव के पास एक नाले में एक युवक की लाश मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पहचान छुपाने के लिए चेहरे को किया क्षत-विक्षत पुलिस के अनुसार आरोपी ने धारदार हथियार से विशाल के सीने और पेट पर हमला किया। पहचान छुपाने के लिए चेहरे की खाल तक निकाल दी गई। हालांकि हाथ पर गुदे नाम और पैर पर बंधी पट्टी के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान की। आरोपी गिरफ्तार, पीसी रिमांड पर होगी पूछताछ पुलिस ने हत्या के मामले में दिनेश खराड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को पीसी रिमांड पर लेकर हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में पूछताछ की जाएगी।


