कुरडेग : सड़क दुर्घटना में वृद्ध की मौत

कुरडेग| थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरडेग–केरसई मुख्य मार्ग पर रविवार को सड़क हादसा में एक 70 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसा खरवाटोली गांव के समीप उस समय हुआ, जब वृद्ध सड़क पार कर रहे थे। मृतक की पहचान गन्दुर कच्छप (उम्र लगभग 70 वर्ष), निवासी घुटबहार थाना केरसई के रूप में हुई है, जो इन दिनों अपने बेटी-दामाद के घर मेहमान बनकर आए हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गन्दुर कच्छप गांव में ही मुख्य सड़क पार कर रहे थे, तभी कुरडेग की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर के बाद वृद्ध ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कुरडेग थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाइक तथा शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। भरनो|भरनो प्रखंड के दक्षिणी भरनो पंचायत अंतर्गत पोखरटोली गांव में दो दिन पूर्व गांव के ही बबलू उरांव व बिरसा उरांव के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया था। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट तक की स्थिति उत्पन्न हो गई। धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष थाना जाने की तैयारी में थे। ग्रामीणों द्वारा मामले की जानकारी ग्राम प्रधान तेतरा पहान व पूर्व मुखिया मुकेश उरांव को दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान व पूर्व मुखिया ने पहल करते हुए दोनों पक्षों को आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह दी। इसके बाद पोखरटोली गांव स्थित अखड़ा में ग्राम प्रधान तेतरा पहान की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों को बुलाकर शांतिपूर्ण तरीके से समझाया गया। ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों ने दोनों पक्षों को आपसी भाईचारा बनाए रखने, गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा छोटे-छोटे विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने की बात कही। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं होने देने का आश्वासन दिया। बैठक के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से विवाद का निपटारा कर दिया गया और थाना जाने की स्थिति टल गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *