शहडोल कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने रविवार को मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांज दीं। इस दौरान यूथ कांग्रेस जयसिंहनगर विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिद समेत कई नेताओं को चोट आई। ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह बघेल ने बताया कि कलेक्टर स्वयं अपने वाहन से नीचे उतरे और विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि यह आवाज दबाने की कोशिश है और कांग्रेस इस कृत्य के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी। प्रशासन पहले से था अलर्ट
सुबह से ही प्रशासन सीएम के दौरे को लेकर अलर्ट पर था। कांग्रेस ने विरोध की कोशिश की थी, तब पुलिस ने नेताओं को सांकेतिक रूप से गिरफ्तार कर थाने में बैठा लिया। लोकार्पण के बाद प्रदर्शन उग्र हो गया। बुढार पुलिस ने कुल 37 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया; इनमें से अधिकांश को जमानत मिल गई, लेकिन शेख साजिद समेत तीन नेता अब भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। सीएम ने 142 विकास कार्यों का लोकार्पण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार दोपहर को शहडोल के धनपुरी नगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद द्वारा निर्मित 20 करोड़ रुपए लागत के अत्याधुनिक वाटर पार्क का लोकार्पण किया। पार्क में क्लब हाउस, मिनी ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल और बच्चों एवं युवाओं के मनोरंजन की सुविधाएं शामिल हैं। सीएम ने 767 करोड़ रुपए लागत के 142 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें नगर पंचायत जैतपुर, मेडिकल कॉलेज में पीजी कक्षाओं की शुरुआत, शहडोल और जैतपुर में कॉलेज भवन, 2300 करोड़ रुपए की सिंचाई परियोजना से 122 गांवों को लाभ, बुढार में गीता भवन निर्माण और सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं। सीएम ने समाज और धर्म से जुड़े संदेश दिए
इससे पहले कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने माता शबरी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने तपस्या की और उनका फल उन्हें मिला, जब स्वयं भगवान राम उनके पास आए। सीएम ने कहा कि यह समाज में जातिवाद और भेदभाव के खिलाफ बड़ा संदेश है। उन्होंने किसानों के हित में प्रधानमंत्री के निर्णय का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका से व्यापार संबंधी निर्णय में देरी हुई, लेकिन इससे भारत का सम्मान और आर्थिक ताकत बढ़ी। माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण
कार्यक्रम में भाजपा विधायक जयसिंह मरावी ने अपनी मांगें रखीं, जबकि शहडोल सांसद हिमाद्रि सिंह ने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सीएम उनके क्षेत्र की मांगों को पूरा करेंगे। इसके अलावा, जयसिंहनगर जनपद क्षेत्र के गंधिया में माता शबरी की प्रतिमा का अनावरण किया गया।


