साइबर क्लबों से बदली तस्वीर, जामताड़ा जिला प्रशासन की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान

भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा जिले में साइबर अपराध पर लगाम लगाने और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की पहल अब सकारात्मक परिणाम देने लगी है। जिले के 72 उच्च विद्यालयों में गठित साइबर सुरक्षा क्लबों के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में सभी विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिले के उपायुक्त रवि आनंद के अलावा पदाधिकारियों ने विद्यालयों में पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को फर्जी कॉल, ओटीपी ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और अन्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए। साथ ही साइबर सुरक्षा क्लबों के सुचारू संचालन और उनकी भूमिका को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि जैसे घर की सुरक्षा जरूरी होती है, वैसे ही आज के डिजिटल दौर में साइबर और डिजिटल सुरक्षा भी बेहद अहम हो गई है। बच्चों को साइबर अपराध के प्रकार, उनके नुकसान और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी रखने की सलाह दी गई है। अब जागरूक छात्र-छात्राएं अपने घरों और आसपास के लोगों को भी फर्जी कॉल और संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधियों से बचने की सलाह दे रहे हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि स्कूलों से शुरू हुई यह पहल आने वाले समय में साइबर अपराध के खिलाफ मजबूत ढाल साबित होगी और जामताड़ा की पहचान साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक जिले के रूप में स्थापित करेगी। स्कूली बच्चों को दी जाएगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जानकारी वर्तमान में अभियान के पहले चरण में साइबर जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले चरणों में बच्चों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की जानकारी दी जाएगी। साथ ही डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर व एआई से जुड़े सर्टिफिकेट कोर्स भी शुरू किए जाएंगे, ताकि छात्र तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *