ग्राम देवी मंदिर की सफाई और पूजन से दिया स्वच्छता का संदेश

गुमला|​परमपूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु द्वारा मार्गदर्शित लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों की कड़ी में श्री सर्वेश्वरी समूह के महिला संगठन ने रविवार को करौंदी पंचायत के फसिया गांव में भक्ति और सेवा का अनुपम उदाहरण पेश किया। महिला संगठन के बैनर तले ग्रामीणों के सहयोग से गांव के पौराणिक ग्राम देवी मंदिर में विशेष साफ-सफाई व पूजन कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत श्रद्धापूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अभियान की शुरुआत मंदिर परिसर की सघन सफाई से हुई, जिसमें समूह की सदस्याओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया। सफाई के उपरांत मां भगवती का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय भजनों और जयकारों से गुंजायमान रहा। ​उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए समूह की सदस्याओं ने ग्राम देवी की पूजा के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ​ग्राम देवी की आराधना से गांव में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। ​नियमित स्वच्छता और भक्ति भाव से असाध्य रोगों व प्राकृतिक बाधाओं से बचाव होता है। ​मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना हर ग्रामीण का कर्तव्य है। ​कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को मंदिर परिसर को सदैव स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर पंचायत के नरेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे। महिला संगठन ने उनके सक्रिय सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संगठन की दर्जनों सदस्याएं और भारी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *