हरदा की सिटी कोतवाली पुलिस ने जोशी कॉलोनी में हुई दुकान चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी पकड़ा है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद कर लिया गया है। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि 31 जनवरी को शहर की जोशी कॉलोनी स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। चोरों ने वहां से ट्रक की लोहे की डिस्क, जैक, कमानी और बर्तन चुराए थे। वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी। खंडवा के युवक ने कबूला जुर्म पुलिस ने संदेही बंटी (पिता अशोक कनाडे, 23 वर्ष, निवासी संजय नगर, खंडवा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपने साथी राजकुमार के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना कबूल किया। 70 साल के कबाड़ी को बेचा था माल बंटी ने बताया कि चोरी किया गया सामान हरदा के संजय वार्ड निवासी कबाड़ी लियाकत हुसैन उर्फ गुड्डा कबाड़ी (70 वर्ष) को बेचा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद कर लिया है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुमित रावत, देवेंद्र सुरमा, आरक्षक प्रदीप मालवीय और नीलेश पटेल की भूमिका रही।


