शराबी पिता 1 साल की बेटी को ले भागा:मां से छीनकर बाइक से हुआ फरार; रातभर ढूंढा, सुबह 4 बजे ड्रीम सिटी से मिली

: अशोकनगर में एक शराबी पिता अपनी एक साल की बेटी को मां से छीनकर फरार हो गया। पुलिस ने रातभर तलाश अभियान चलाया और सोमवार सुबह करीब 4 बजे बच्ची को ड्रीम सिटी कॉलोनी से सुरक्षित बरामद कर मां को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक ने इस कार्य के लिए टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। शंकरपुर मगरदा निवासी रजनी आदिवासी (24) ने रविवार रात कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसका पति संतोष यादव शराब का आदी है और पिछले एक साल से अलग रह रहा है। वह शराब के नशे में आया और उनकी एक साल की बेटी सानवी को जबरन मोटरसाइकिल पर ले गया। संतोष ने बच्ची को कपड़े से अपने शरीर से बांध रखा था। शराब के नशे में बाइक चलाने के कारण मां बच्ची की सुरक्षा को लेकर चिंतित थी। दो थानों की पुलिस ने रातभर की तलाश मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने कोतवाली टीआई रविप्रताप सिंह चौहान को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस बल ने रातभर सघन तलाश अभियान चलाया। टीम ने गांव गुचराई, वृंदावन धाम कॉलोनी, कोलुआ रोड, रैन बसेरा और बस स्टैंड सहित कई संभावित स्थानों पर बच्ची की खोज की। दो थानों की पुलिस लगातार उसका पता लगाती रही। पुलिस टीम को मिलेगा इनाम लगातार प्रयासों के बाद सुबह करीब चार बजे ड्रीम सिटी कॉलोनी से बच्ची सानवी को उसके पिता के साथ बरामद कर लिया गया। इसके बाद मासूम को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया गया। इस अभियान में निरीक्षक रविप्रताप सिंह चौहान, एसआई आशुतोष गुप्ता, एएसआई उदयभान सिंह चौहान, एएसआई वाजिद बेग और प्रधान आरक्षक हेमराज शर्मा की भूमिका रही। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *