होली के नजदीक आते ही घर वापसी के लिए रेल टिकटों की मांग बढ़ी हुई है। 3-4 मार्च को होली को देखते हुए टाटानगर से बिहार के विभिन्न शहरों के लिए नियमित चलने वाली ट्रेनों की सीटें फुल हो चुकी हैं। टाटा-बक्सर एक्सप्रेस, साउथ बिहार एक्सप्रेस, टाटा-थावे एक्सप्रेस और टाटा-कटिहार एक्सप्रेस में होली के पहले एक से 3 मार्च तक ट्रेनों में लंबी वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। साउथ बिहार एक्सप्रेस में रिग्रेट की स्थिति आ गई है। खासकर पटना, भागलपुर, बिहारशरीफ, छपरा, मुजफ्फरपुर, कटिहार, सहरसा जैसे प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को वेटिंग की स्थिति का सामना करना हो रहा है। लोग मजबूरी में वेटिंग की टिकट ही ले रहे हैं। हालांकि वंदे-भारत एक्सप्रेस में 1 से 3 मार्च की कुछ सीटें बची हुई हैं, लेकिन टिकट दर रेगुलर ट्रेनों से अधिक है। ऐसे में जो भी यात्री बिहार की ओर जाना चाहते हैं, वे जल्द वंदे-भारत में बुकिंग कर अपनी सीट पक्की कर सकते हैं। क्या है सीटों की स्थिति
दिनांक ट्रेन का नाम चेयरकार/स्लीपर थर्ड एसी
1 मार्च 28181 टाटा-कटिहार एक्सप्रेस वेटिंग-05 वेटिंग-13
2 मार्च 18183 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस वेटिंग-44 आरएसी-12
2 मार्च 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस रिग्रेट रिग्रेट
2 मार्च 18181 टाटा-थावे एक्सप्रेस वेटिंग-114 वेटिंग-52
2 मार्च 21895 वंदे-भारत एक्सप्रेस उपलब्ध 252 (सीसी) उपलब्ध 29 (ईसी)
3 मार्च 18183 टाटा-बक्सर एक्सप्रेस वेटिंग-44 उपलब्ध
3 मार्च 13287 साउथ बिहार एक्सप्रेस वेटिंग-21 वेटिंग-07 स्पेशल ट्रेन की अब तक घोषणा नहीं
रेलवे हर वर्ष त्योहारों पर यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए होली स्पेशल ट्रेनें चलाती है। इस साल रेलवे ने होली के लिए देशभर में 1400 से अधिक स्पेशल ट्रेनों के सेवाओं की योजना बनाई है। इसमें बिहार-यूपी रूट के लिए लगभग 285 ट्रेनें शामिल हैं। लेकिन टाटानगर से बिहार के लिए अभी तक किसी स्पेशल ट्रेन को चलाने की घोषणा नहीं हुई है। होली में टाटानगर से हजारों लोग बिहार आते-जाते हैं। त्योहार में टाटानगर से होली स्पेशल ट्रेन चलती रही हैं, लेकिन इस साल अब तक होली स्पेशल ट्रेन की घोषणा नहीं हुई है। रेगुलर ट्रेनों में सीटें फुल हो गई हैं। रेलवे जल्द ट्रेन की घोषणा करें, ताकि लोगों को वैकल्पिक ट्रेन में सीटें मिल सके और त्योहार के पहले आराम से अपने घर पहुंच सकें। -रवि सिंह चंदेल, केंद्रीय अध्यक्ष, संयुक्त युवा संघ होली पर विशेष ट्रेनें चलती रही हैं। अभी तक घोषणा नहीं हुई है, पर कुछ दिनों में घोषणा हो सकती है। रेगुलर ट्रेनों में पहले से ही लोगों ने टिकट बुक कर ली है, जिससे सीटें फुल हो गई हैं। रेलवे स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जरूरत पड़ने पर ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने से लेकर विशेष ट्रेन चलने तक के उपाय किए जा सकते हैं। -आदित्य कुमार चौधरी, सीनियर डीसीएम, चक्रधरपुर रेल डिवीजन


