पाली शहर के टैगोर नगर सर्किट हाऊस के पास आजीम प्रेमजी फाउंडेशन के ऑफिस परिसर में पाली साहित्य संगम पुस्तक मेला-2026 का आयोजन हो रहा है। 6 फरवरी से शुरू हुआ यह आयोजन 10 फरवरी तक रहेगा। जो किसी साहित्यिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव से कम नहीं है। इस मेले में बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए 10 से ज्यादा तरह-तरह की बुक्स उपलब्ध है। लोगों में पढ़ने की भावना विकसित करने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है।
मेले में साहित्यिक संवाद, टॉक शो, कॅरियर काउंसलिंग, लेखन कार्यशाला, आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप, स्वास्थ्य एवं वेल-बीइंग कार्यशाला, ओपन माइक, ग़ज़ल पाठ, लोक नृत्य एवं लोक गीत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है।
सोमवार को मेले में करियर काउंसलिंग पर टॉक शो, आर्ट एंड क्राफ्ट वर्कशॉप, फ़िल्म का इतिहास: एक यात्रा, तथा लोक नृत्य का आयोजन किया गया। मेले में दिन भर बड़ी संख्या में लोगों का पहुंचना जारी रहा। कईयों ने यहां से अपनी पसंद की बुक्स खरीदी तो कई युवा महापुरुषों के जीवन को जानने के लिए बुक्स खरीदते नजर आए। मेले के अंतिम दिन 10 फरवरी को संवैधानिक मूल्यों पर टॉक शो, लेखन कार्यशाला, ओपन माइक एवं गजल तथा लोक नृत्य एवं संगीत का आयोजन होगा। इसका उद्देश्य पाली शहर में संस्कृति, साहित्यिक संवाद और सांस्कृतिक चेतना को मज़बूत करना है।


