गुमला जिले के कामडरा प्रखंड में सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की छानबीन कर रही है। पहली घटना कामडरा-बेरो मुख्य पथ पर अरहरा मोड़ के पास हुई। यहां एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो किशोरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बसिया सरईडीह निवासी रंजीत किंडो के 16 वर्षीय पुत्र फिलमोन किंडो और तुरुन्डु डूमरटोली निवासी अनमोल तोपनो के 14 वर्षीय पुत्र आलोक टोपनो के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों मृतक बसिया कॉलेज में इंटर की परीक्षा दे रहे थे और इसी कारण आलोक टोपनो के घर टुंरुडु डूमरटोली में रह रहे थे। वे बकसपुर से लौट रहे थे, तभी मोड कोटबों पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल दोनों किशोरों को स्थानीय लोगों की मदद से कामडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CSC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। असंतुलित होकर ऑटो पलटा दूसरी घटना कामडरा प्रखंड के पोकला गेट रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। यहां एक ब्रेकर पर असंतुलित होकर ऑटो के पलट जाने से 17 वर्षीय बीकू साहू की मौत हो गई। बताया गया कि बसिया थाना क्षेत्र के कुलूसेरा का एक परिवार और कुछ महिलाएं गनालोया में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ऑटो से लौट रहे थे। पोकला गेट रेलवे फाटक के पास ब्रेकर पर ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में रिजु साहू के पुत्र बीकू साहू की जान चली गई, जबकि अन्य लोगों को मामूली चोटें आईं।


