फाजिल्का के डेरा सच्चा सौदा कॉलोनी में एक घर में चोरी की वारदात सामने आई है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे एक सप्ताह पहले शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर कमरे का दरवाजा खुला मिला और सामान बिखरा हुआ पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि घर से सोना, चांदी और नकदी चोरी हो गई है। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। जानकारी देते हुए महिला परवीन रानी ने बताया कि वे डेरा सच्चा सौदा कॉलोनी के निवासी हैं। उनके अनुसार घर का मुख्य ताला तो बंद था, लेकिन अंदर के कमरे का लॉक खुला हुआ मिला। परवीन रानी ने आशंका जताई कि चोरों ने चाबी से ताला खोलकर वारदात को अंजाम दिया है। परवीन रानी ने बताया कि आरोपी पीछे के रास्ते से सीढ़ियों के जरिए घर में दाखिल हुए। चोरी के दौरान उनके करीब दो तोले सोना, 10 तोले चांदी और कुछ नकदी गायब पाई गई। उन्होंने बताया कि इस चोरी से उन्हें लगभग ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने कहा कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।


