गोल्ड लोन छुड़ाने के नाम पर 29.80 लाख की ठगी:कंपनी से पैसा लेकर बैंक से सोना छुड़ाकर पति-पत्नी हुए फरार

हनुमानगढ़ जिले में गोलूवाला थाना क्षेत्र में गोल्ड लोन छुड़ाने के नाम पर करीब 29.80 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर पुलिस ने पति-पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नोएडा निवासी अमित कुमार ने यह रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि वह अर्बन फैसिलिटी मैनेजमेंट कंपनी से जुड़े हैं, जिसका मुख्यालय नोएडा में है। उनकी कंपनी उन ग्राहकों का सोना छुड़वाने और खरीदने का काम करती है, जो बैंकों में गोल्ड लोन के रूप में गिरवी रखा होता है। अमित कुमार के अनुसार गोलूवाला निवासी आरोपी सतविंदर जाखड़ और उसकी पत्नी रमनदीप कौर ने 4 फरवरी को कंपनी से संपर्क किया था। उन्होंने बताया कि उनका आईआईएफएल बैंक शाखा गोलूवाला में करीब 30 लाख रुपए का गोल्ड लोन चल रहा है। बातचीत और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपियों ने 2 दिन में सोना सौंपने का आश्वासन दिया। इस पर कंपनी ने सतविंदर जाखड़ के बताए गए खाते में 29 लाख 80 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। राशि मिलते ही आरोपियों ने इस रकम से अपना गोल्ड लोन बंद करवा लिया। 5 फरवरी को वे आईआईएफएल बैंक शाखा गोलूवाला से गिरवी रखा सोना लेकर फरार हो गए।
इसके बाद आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और घर पर भी नहीं मिले। परिजनों ने भी उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी। प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि सतविंदर जाखड़ और उनकी पत्नी ने सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी कर यह बड़ी रकम हड़प ली। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई विजय सिंह को सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *