पाकुड़ नगर थाना पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक नाबालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से छह मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस संबंध में नगर थाना में एसडीपीओ दयानंद आजाद ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी 2026 को नगर थाना क्षेत्र के बैंक कॉलोनी से एक काले रंग की हीरो सुपर मोटरसाइकिल चोरी हुई थी। सूरज कुमार की लिखित शिकायत पर थाना में कांड संख्या 21/2026 दर्ज किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के दौरान गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी टीम में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सनी सुप्रभात, मिथुन रजक, सहायक अवर निरीक्षक विपिन कुमार यादव और तकनीकी शाखा के आरक्षी सूरज मुर्मू शामिल थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नगर थाना क्षेत्र के कूड़ापड़ा निवासी मोनू उर्फ आकाश कुमार सिंह, बैंक कॉलोनी निवासी अरविंद केसरी, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तिलभिट्ठा निवासी लालटू शेख, रामचंद्रपुर निवासी लालचंद शेख उर्फ नादिन शेख और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि अरविंद केसरी पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। यह गिरोह पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। मामले में आगे की जांच जारी है।


