उदयपुर में मेवाड़ बचाओ मंच की मुहिम ‘उदयपुर का पैसा उदयपुर में’ थीम का दूसरा चरण शुरू कर दिया गया है। इसके तहत शहर के बाजारों में व्यापारियों और प्रमुख स्थानों पर जनता के बीच जाकर उनको अवेयर किया जा रहा है।
मंच के संस्थापक अध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि शहर के प्रमुख इलाकों जैसे ठोकर चौराहा, सिख कॉलोनी, फतहसागर, आयड़, बोहरा गणेशजी, केशव नगर और आदर्श नगर में मंच की टीम पहुंची और वहां लोगों के बीच उनसे चर्चा कर समझाया गया। मंच की टीम ने हिरणमगरी सेक्टर चार, पायड़ा, सेक्टर 14, सुभाष चौराहा में व्यापारियों और ग्राहकों से सम्पर्क किया। कार्यकर्ताओं ने इन इलाकों में व्यापारियों और नागरिकों से मुलाकात कर स्थानीय उत्पादों की खरीद को बढ़ावा देने का संदेश दिया। अभियान के दौरान उपभोक्ताओं ने स्थानीय बाजार से सामान खरीदने की प्रतिज्ञा करते हुए संकल्प फॉर्म भरे। वहीं कई दुकानदारों ने वादा किया कि वे ग्राहकों को ‘दाम कम, सम्मान ज़्यादा’ के सिद्धांत पर सेवा देंगे। फतहसागर पर आई विमला दोषी ने कहा, जब हम अपने ही शहर के लोगों से खरीदारी करेंगे, तो पैसा भी यहीं रहेगा और रिश्ते भी मजबूत होंगे। चुड़ी व्यापारी राहुल सोनावत ने कहा, हमारा लक्ष्य सिर्फ बिक्री नहीं, भरोसे का रिश्ता बनाना है, यही हमारे व्यापार की सच्ची पहचान है। अध्यक्ष अभिषेक पांडेय ने बताया कि हर उपभोक्ता और व्यापारी जब यह सोचेंगे कि ‘हम ऑनलाइन से बेहतर हैं, तब स्थानीय अर्थव्यवस्था और समाज दोनों मजबूत होंगे।


