लुधियाना देहाती पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाया। इस अभियान की कमान स्वयं एसएसपी लुधियाना देहाती अंकुर गुप्ता ने संभाली। इसके तहत जिले के संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई। इसमें लाखों की संदिग्ध नकदी भी बरामद हुई। अभियान के दौरान डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध कारों, मोटरसाइकिलों और व्यक्तियों की गहन जांच की। इस दौरान बिना कागजात घूम रही कई गाड़ियों के चालान काटे गए। साथ ही, लाखों की संदिग्ध नकदी और अन्य संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। एसएसपी अंकुर गुप्ता ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और क्षेत्र में अमन-कानून बनाए रखना है। इस अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता से आम जनता ने राहत महसूस की और पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना की।


