राजपूत महासभा संस्थान उदयपुर संभाग की ओर से 27वां सामूहिक विवाह समारोह 10 फरवरी को शहर के सूरजपोल स्थित सरकारी फतह सी.सैकंडरी स्कूल मैदान पर आयोजित होगा। संस्था अध्यक्ष संत सिंह भाटी ने बताया कि समारोह में 40 जोड़े विवाह के बंधन में बंधेगे। खास बात ये है कि विवाह समारोह पूरी तरह नि:शुल्क है। इसमें कई जोड़े ऐसे हैं जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं। कुछ जोड़ों के माता या पिता नहीं हैं। वर-वधु से शगुन के रूप में एक रुपया लिया गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए आवास, सुरक्षा, परिवहन, विवाह संस्कार, भोजन व्यवस्था आदि समितियों का गठन किया है। महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग भोजन व्यवस्थ रखी गई है। वर-वधू समारोह में कितने भी रिश्तेदार-परिचित को ला सकते हैं
महासभा सचिव हितेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि वर और वधू की ओर से आने वाले परिवार सदस्य, रिश्तेदार और परिचितों की संख्या कोई निर्धारित नहीं की है। वे कितने भी सदस्य ला सकते हैं। इसके लिए प्रत्येक जोड़े से अनुमानित संख्या मांग ली है। कार्यक्रम स्थल पर 40 मंडप बनेंगे। 10 फरवरी को सुबह 9 बजे टाउन हॉल से बारात के रूप शोभायात्रा निकाली जाएगी। जिसमें वर-वधू के लिए 40 घोड़े और 10 बग्घियों की व्यवस्था की गई है। बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा टाउन हॉल से सूरजपोल, फतह मेमोरियल मार्ग होते हुए फतह स्कूल ग्राउंड पहुंचेगी। विवाह से एक दिन पूर्व 9 फरवरी की शाम को महिला संगीत और हल्दी मेहंदी कार्यक्रम होटल देव दर्शन में रखा गया है।


