सूरजगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली संपत सिंह की ढाणी में ग्रामीणों ने एक अज्ञात जंगली जानवर को प्रत्यक्ष रूप से देखा। पिछले 4-5 दिनों से आसपास के गाँवों में जानवर की मौजूदगी की चर्चाएँ चल रही थीं, लेकिन अब खुद अपनी आँखों से जानवर देखने के बाद ग्रामीणों में भारी डर व्याप्त है। ग्रामीण जयपाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने संपत सिंह की ढाणी में जानवर को अपनी आँखों से देखा है। उन्होंने बताया, “हम पिछले कई दिनों से आसपास के इलाकों में जानवर के होने की बातें सुन रहे थे, लेकिन आज इसे खुद देखकर हमारे रोंगटे खड़े हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। वहां जमीन पर जानवर के पैरों (खुरों) के निशान भी मिले हैं, जिससे इस बात की पुष्टि होती है कि क्षेत्र में कोई जंगली जानवर सक्रिय है। खेतों में काम बंद, अनहोनी की आशंका इस दहशत का असर गाँव की दिनचर्या पर भी पड़ा है। किसानों ने डर के मारे रात के समय खेतों में बिजली की लाइन बदलना और पानी लगाने जैसा जरूरी काम छोड़ दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जानवर कभी भी किसी इंसान या पशु पर हमला कर सकता है, जिससे जान-माल की हानि होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन से कार्रवाई की मांग पूरे गाँव ने एकजुट होकर पुलिस प्रशासन और वन विभाग से गुहार लगाई है कि जल्द से जल्द इलाके में टीम भेजी जाए। ग्रामीणों ने मांग की है कि पंजों के निशानों के आधार पर जानवर की पहचान की जाए और उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए ताकि गाँव वाले फिर से भयमुक्त होकर अपने खेतों में जा सकें।


