हेल्थकेयर में भारत की बड़ी उपलब्धि:एम्स दिल्ली बना दुनिया का छठा सर्वश्रेष्ठ अस्पताल, टाटा मेमोरियल मुंबई 13वें स्थान पर

भारत के हेल्थकेयर सेक्टर के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली को ब्रांड फाइनेंस की ग्लोबल टॉप 250 हॉस्पिटल रैंकिंग 2026 में दुनिया का छठा सर्वश्रेष्ठ अस्पताल घोषित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ एम्स ने अमेरिका के जॉन्स हॉपकिंस मेडिसिन, ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल्स और मायो क्लिनिक जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई है। रिपोर्ट के मुताबिक, एम्स को केयर परसेप्शन, ब्रांड वैल्यू, ब्रांड स्ट्रेंथ और वैश्विक प्रतिष्ठा जैसे पैमानों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह स्थान मिला है। खास बात यह रही कि एम्स का केयर स्कोर टॉप रैंक वाले अस्पताल से महज 1.1 अंक कम रहा, जो सीमित संसाधनों के बावजूद इसकी गुणवत्ता और भरोसे को दर्शाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि एक सरकारी संस्थान का दुनिया के टॉप 10 में शामिल होना भारत की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की वैश्विक साख को नई ऊंचाई देता है। एम्स दिल्ली देश का प्रमुख तृतीयक स्वास्थ्य संस्थान है, जहां हर साल लाखों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। यहां अत्याधुनिक चिकित्सा सेवाएं, सुपर स्पेशियलिटी ट्रेनिंग और सैकड़ों शोध परियोजनाएं संचालित होती हैं। टॉप 10 में भारत की दमदार उपस्थिति रैंकिंग में पहले स्थान पर जॉन्स हॉपकिंस, दूसरे पर ऑक्सफोर्ड और तीसरे पर स्टैनफोर्ड मेडिकल सेंटर रहे। छठे स्थान पर एम्स नई दिल्ली और 13वें स्थान पर टाटा मेमोरियल सेंटर, मुंबई ने जगह बनाकर भारतीय हेल्थकेयर की वैश्विक ताकत साबित की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *