रेलवे प्रशासन द्वारा गांधीधाम-भुज रेलखंड पर गांधीधाम ब्लॉक केबिन एवं आदिपुर स्टेशनों के मध्य तकनीकी कार्य किए जाने के कारण जोधपुर-गांधीधाम-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन तीन दिन आंशिक रूप से रद्द रहेगा। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि तकनीकी कार्य के मद्देनजर ट्रेन संख्या 22483 भगत की कोठी-गांधीधाम एक्सप्रेस 10 से 12 फरवरी तक भगत की कोठी से रवाना होकर भीलड़ी स्टेशन तक ही संचालित की जाएगी। इस अवधि में यह रेल सेवा भीलड़ी से गांधीधाम के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इसी तरह, ट्रेन संख्या 22484 गांधीधाम-भगत की कोठी एक्सप्रेस 11 से 13 फरवरी तक गांधीधाम के स्थान पर भीलड़ी स्टेशन से रवाना होगी। अतः यह ट्रेन गांधीधाम से भीलड़ी के मध्य आंशिक रूप से रद्द रहेगी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व संबंधित रेल सेवाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त कर अपनी यात्रा की योजना बनाएं।


