गुना के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलोनिया के पास गत रविवार रात एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना में गुना के शासकीय कस्तूरबा कॉलेज में कलर्क के पद पर पदस्थ मनोज मीणा और उनके सगे चाचा ससुर रामसिंह मीणा की जान चली गई। अज्ञात वाहन की भीषण टक्कर के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार अशोकनगर जिले के ग्राम रावसर निवासी मनोज मीणा (35) राजस्थान के रहने वाले अपने चाचा ससुर रामसिंह मीणा (60) के साथ रविवार शाम को बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। मनोज मीणा गुना के कस्तूरबा कॉलेज में कार्यरत थे और रविवार होने के कारण वे अपने खेत देखने आए थे। परिवार घर पर कर रहा था इंतजार
शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जब वे बिलोनिया के पास पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी बाइक चकनाचूर हो गई। राहगीरों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल में आज सुबह दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया गया। परिजनों ने बताया कि शाम को मनोज की घर पर बात हुई थी और उन्होंने कहा था कि वे गांव के लिए निकल चुके हैं। जब देर रात तक दोनों घर नहीं पहुँचे, तो परिजनों की चिंता बढ़ी और बाद में हादसे की खबर मिली। मृतक मनोज मीणा अपने पीछे दो छोटे बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। अज्ञात वाहन पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और सोमवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। कैंट पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


