केनाबांध और काली मंदिर सहित अन्य मंडलियां आएंगी

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर महाशिवरात्रि पर भगवान शिव की बारात को भव्य और सुव्यवस्थित रूप से निकालने को लेकर श्री शिवशंकर कीर्तन मंडली केदारपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंडली सदस्यों की बैठक सहेली गली स्थित शिव मंदिर परिसर के भजनाश्रम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडली अध्यक्ष राम परिखा पाण्डेय ने की। बैठक में सर्वसम्मति से मंडली के वरिष्ठ सदस्य संजय कुमार मिश्रा और भोलानाथ विश्वकर्मा को संयुक्त रूप से कार्यक्रम प्रभारी नियुक्त करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम प्रभारी बनाने के बाद दोनों सदस्यों ने आयोजन को परंपरागत गरिमा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया। इससे पूर्व मंडली सदस्यों का एक दल मां गौरी मंदिर पहुंचा, जहां पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह निमंत्रण-पत्र का आदान-प्रदान किया गया। बता दें कि पिछले 46 वर्षों से शिव मंदिर सहेली गली केदारपुर से प्रतिवर्ष मंडली के मुख्य तत्वावधान में भगवान शिव की आकर्षक बारात और शोभायात्रा निकाली जाती रही है, जो नगर की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। कार्यक्रम प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष महाशिवरात्रि पर 15 फरवरी को भगवान शिव की भव्य बारात और शोभायात्रा निकाली जाएगी। यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बारात के क्रम में बदलाव किया है। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि बारात में सबसे आगे आयोजक मंडली के वरिष्ठ सदस्यों की अगुवाई में भगवान भोलेनाथ का रथ रहेगा। इसके बाद प्रसाद वाहन, कीर्तन मंडली का रथ और अंत में आधुनिक वाद्ययंत्र (डीजे) शामिल किए जाएंगे। शिव बारात की शोभा बढ़ाने और सहभागिता के लिए इस वर्ष भी केनाबांध, मायापुर, काली मंदिर सहित शहर की अन्य मंडलियों को आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने सभी शिव भक्तों से सहयोग की अपील की गई है। साथ ही स्वेच्छा से बारात में शामिल होने वाले डीजे संचालकों से आग्रह किया है कि वे बारात प्रस्थान से पूर्व कार्यक्रम प्रभारी को अपनी सहभागिता की सूचना अनिवार्य रूप से दें, ताकि पुलिस प्रशासन को समय रहते जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *