नगर निगम कमिश्नर का आश्वासन:सीवरेज बंद, सुविधाएं नदारद, स्कूटर मार्केट के हालात पर निगम कमिश्नर सोमवार को करेंगे दौरा

भास्कर न्यूज |लुधियाना आत्म नगर हल्का विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और लुधियाना स्कूटर बाजार एसोसिएशन ने नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचवाल से मुलाकात की और स्कूटर मार्केट के दुकानदारों के सामने आ रही समस्याओं का समाधान करने की अपील की। इस बैठक के दौरान, विधायक सिद्धू ने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे को आगामी हाउस मीटिंग में उठाएंगे, ताकि पिछले कई वर्षों से स्कूटर मार्केट के दुकानदारों पर लगाए गए किराए और जुर्माने को माफ किया जा सके। विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू ने कहा कि अगर इन जुर्मानों को माफ कर दिया जाता है तो दुकानदारों को बड़ी राहत मिलेगी। यह कदम व्यापारियों के लिए राहत का स्रोत बनेगा और बाजार में व्यापारिक माहौल सुधरेगा। उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने का आश्वासन दिया, ताकि स्कूटर मार्केट के दुकानदारों की परेशानियों का हल निकाला जा सके। इस मौके पर स्कूटर मार्केट के प्रधान दीपक अरोड़ा ने बताया कि उन्होंने नगर निगम कमिश्नर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने किराए पर जुर्माना तो लगाया है ही, इसके साथ-साथ प्रॉपर्टी टैक्स और जीएसटी टैक्स भी लाखों रुपये का बोझ दुकानदारों पर डाल दिया है। दीपक अरोड़ा ने यह भी बताया कि इस मार्केट में बाथरूम की सुविधाएं तक नहीं हैं और सीवरेज भी बंद रहते हैं। कई बार नगर निगम अधिकारियों को इस बारे में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई हल नहीं निकला है। नगर निगम कमिश्नर आदित्य डेचवाल ने कहा कि वह सोमवार को खुद इस मार्केट का दौरा करेंगे और वहां की समस्याओं का जायजा लेकर जो भी कमियां हैं, उन्हें जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूटर मार्केट में व्यापारियों को उचित सुविधाएं देने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस बैठक में स्कूटर बाजार एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी मौजूद थे, जिनमें लक्की सोनकर, परमजीत सिंह चावला, सीता राम शंकर और जरनैल सिंह शामिल थे। सभी ने इस बैठक में सक्रिय रूप से भाग लिया और अपने-अपने विचार रखे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *