अलवर शहर के हॉप सर्कस पर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम ने नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने करीब 15 से अधिक वाहनों को जब्त किया और उन्हें ट्रैक्टर में भरकर थाने भिजवाया। कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चालक पुलिस को दूर से देखकर वापस लौट गए। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की ईओ निशा लखानी भी मौके पर पहुंचीं और घंटाघर व तिरपोलिया रोड क्षेत्र में दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की। निगम की टीम को देखते ही दुकानदारों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, हालांकि टीम के जाते ही कुछ दुकानदारों ने दोबारा सामान बाहर लगा दिया। हालांकि इस दौरान टीम ने रशीद काटने की कार्यवाही भी की। ट्रैफिक इंचार्ज संजय शर्मा ने बताया कि नो पार्किंग क्षेत्र में खड़ी बाइक और स्कूटी को मौके पर ही जब्त कर थाने भिजवाया गया है। इस दौरान करीब 15 दोपहिया वाहन और एक इको कार को जब्त किया गया। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी हॉप सर्कस इलाके से नो पार्किंग जोन में खड़ी कारों को जब्त किया जा चुका है। अब दोपहिया वाहनों के खिलाफ भी सख्ती बरती जा रही है। दरअसल, हॉप सर्कस, बजाजा बाजार और घंटाघर क्षेत्र में लोग नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा कर खरीदारी करने चले जाते हैं, जिससे बाजार में जाम की स्थिति बन जाती है और लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ता है।म लगा रहता है


