बैतूल के मुस्लिम बहुल इलाकों में कलेक्टर-एसपी का पैदल निरीक्षण:संकरी गलियों में एम्बुलेंस-फायर ब्रिगेड रास्ते के लिए अतिक्रमण हटाने के निर्देश

बैतूल शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों की संकरी गलियों में आपातकालीन स्थिति के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस वाहनों की आवाजाही में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने कदम उठाए हैं। इसी क्रम में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने सोमवार को तिलक, आजाद और आर्यपुरा वार्ड का संयुक्त निरीक्षण किया। ये तीनों मुस्लिम आबादी वाले क्षेत्र हैं, जहां पहली बार कलेक्टर और एसपी ने पैदल भ्रमण कर गलियों की स्थिति का जायजा लिया। खुली नालियों को ढकने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने राजस्व, पुलिस और नगर पालिका के अधिकारियों के साथ गलियों का मुआयना किया। उन्होंने उन स्थानों को चिह्नित किया जहां अवैध निर्माण, खुले नाले, बिजली के खंभे और मार्ग पर लगे हैंडपंप आपातकालीन वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहे थे। कलेक्टर सूर्यवंशी ने निर्देश दिए कि सड़क की चौड़ाई कम करने वाले सभी निर्माण तत्काल हटाए जाएं। उन्होंने हैंडपंप और बिजली के खंभों को व्यवस्थित ढंग से स्थानांतरित करने को कहा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में एम्बुलेंस या फायर ब्रिगेड को परेशानी न हो। कलेक्टर ने खुली नालियों को ढकने और सड़कों को समतल करने के भी निर्देश दिए। अपील- सड़क पर सामान न रखें
कलेक्टर ने दुकानदारों और निवासियों से अपील की कि वे सड़क या मार्ग पर सामान न रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण न केवल यातायात बाधित करता है, बल्कि आपात स्थिति में जान-माल के लिए भी खतरा बन सकता है। इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम बैतूल डॉ. अभिजीत सिंह, एसडीओपी सुनील लाटा, तहसीलदार पूनम साहू, सहायक यंत्री नीरज धुर्वे और थाना प्रभारी कोतवाली सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 12 जनवरी को भी एसडीएम अभिजीत सिंह ने इन्हीं मुस्लिम बहुल इलाकों तिलक, आजाद और आर्यपुरा वार्ड का दल-बल के साथ निरीक्षण किया था। उस समय नगर पालिका, पीएचई, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अमले ने भी गलियों की स्थिति का जायजा लिया था। इधर मांग की जा रही है कि प्रशासन को अब उन वार्डों पर भी ध्यान केंद्रित करना चाहिए जहां अब तक कोई निरीक्षण नहीं हुआ था। इनमें नगरपालिका अध्यक्ष का चंद्रशेखर वार्ड, टिकारी, शास्त्री, भगतसिंह वार्ड तथा उपाध्यक्ष के अंबेडकर, लोहिया, जयप्रकाश और जाकिर हुसैन वार्ड शामिल हैं। इन इलाकों में भी कई संकरी गलियां हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *