कांकेर| नगर पालिका चुनाव की मतगणना नए कम्युनिटी हॉल में 15 फरवरी को होगी। कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने मतगणना स्थल में मतगणना की कार्यवाही सम्पन्न कराने शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। नगरपालिका कांकेर के मतगणना कार्य हेतु अपर कलेक्टर अरूण कुमार वर्मा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। मतगणना स्थल न्यू कम्यूनिटी हाल में मतगणना कक्ष के भीतर डिप्टी कलेक्टर रानू मैथ्यूज, मतगणना कक्ष प्रवेश द्वार के लिए तहसीलदार कांकेर पुष्पराज पात्र, न्यू कम्यूनिटी हाल का बाह्य परिसर व प्रवेश द्वार हेतु नायब तहसीलदार कांकेर दुर्गावती कुजूर और मतगणना हाल हेतु आने वाले मुख्य मार्ग में नायब तहसीलदार संजय कुमार राय की ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर ने नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर व पखांजूर में मतगणना हेतु संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारियों को मतगणना स्थल में उचित कानून सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था हेतु पृथक कार्यपालिक दंडाधिकारियों की ड्यूटी लगाने निर्देशित किया है। नगरपालिका कांकेर के मतगणना के दौरान सम्पूर्ण कानून व्यवस्था हेतु एडीएम कांकेर एस अहिरवार कार्यप्रभार पर रहेंगे।


