हजारीबाग में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार:38.80 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद, 10 हजार रुपए भी जब्त; न्यायिक हिरासत में भेजा

हजारीबाग पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने शहर के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र से ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपए नगद बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, हजारीबाग को 09 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के सिसरा रेस्ट हाउस के पीछे स्थित पेट्रोल पंप के आसपास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की सत्यता की पुष्टि होने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर अमित आनंद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। इस दल में पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार (परिसंचरण) सहित बड़ा बाजार ओपी के पदाधिकारी और थाना सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 38.80 ग्राम ब्राउन शुगर और 10,100 रुपए नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बाहर से ब्राउन शुगर खरीदकर हजारीबाग शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर पुड़िया बनाकर 300 से 500 रुपए में बेचता था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. एजाज (लगभग 30 वर्ष), पिता मो. उस्मान, निवासी यासिन गली, खिरगांव थाना सदर, हजारीबाग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके विरुद्ध पूर्व में थाना सदर (बड़ा बाजार) में कांड संख्या 367/16 दर्ज है। इस मामले में थाना सदर (बड़ा बाजार) में कांड संख्या 46/26, दिनांक 09.02.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी)/22(बी)/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। डीएसपी प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता कर यह सारी जानकारी मीडिया के साथ साझा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *