नीलदहा में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, क्षेत्र में बना भक्ति का माहौल

भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिले के नीलदहा गांव में रविवार को सात दिवसीय श्री श्री सार्वजनिक 108 श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य कलश यात्रा से हुई, जिसमें आसपास के कई गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भाग लिया। विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और भी आकर्षक बना दिया। सुबह से ही गांव में धार्मिक वातावरण बना रहा। पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश रखकर उत्साहपूर्वक शोभायात्रा निकाली। कलश यात्रा गांव के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई कथा स्थल तक पहुंची। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति गीतों, हरिनाम संकीर्तन, शंखनाद और जयकारों से गुंजायमान रहा। कथा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। पंडितों द्वारा कलश स्थापना और मंगलाचरण के साथ कथा महोत्सव की शुरुआत हुई। आयोजन समिति ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना जागृत करने और समाज में नैतिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से किया जा रहा है। कथा के अंतिम दिन भंडारा और प्रसाद वितरण आयोजन समिति के अनुसार सात दिनों तक प्रतिदिन प्रवचन, भजन-कीर्तन, संकीर्तन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। कथा के अंतिम दिन कुंजभंग, हवन-पूजन तथा विशाल भंडारा और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। ग्रामीणों में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। गांव को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। नीलदहा गांव इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *