सागर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के सुसाइड मामले में नया मोड़ आया है। मृतक के परिजन ने सोमवार को कोतवाली थाने पहुंचकर मामले से जुड़े साक्ष्य पुलिस को सौंपे हैं। उन्होंने मृतक व्यापारी की एक डायरी और अन्य दस्तावेज पुलिस को दिए हैं। जिसमें करीब 1 करोड़ रुपए का हिसाब-किताब लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। जिनसे मृतक का पैसों का लेनदेन चल रहा था। अधिक ब्याज लेने पर मृतक मानसिक रूप से परेशान था। कोतवाली पुलिस ने परिजन द्वारा पेश किए गए साक्ष्यों और डायरी को अपनी जांच में शामिल किया है। दरअसल, बाहुबली कॉलोनी निवासी विकास जैन उर्फ मोगली ने 5 फरवरी को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में परिजन ने सूदखोरों पर आरोप लगाते हुए माता मढ़िया तिराहे पर चक्काजाम किया था। उन्होंने पैसों के लेनदेन में विकास को प्रताड़ित करने और इसी कारण से आत्महत्या करने का आरोप लगाया था। कोतवाली पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। व्यापारी से 30 प्रतिशत तक ब्याज वसूला गया
मृतक के भाई सुधीर जैन ने बताया कि मृतक विकास जैन की डायरी और मामले से जुड़े साक्ष्य कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस को सौंपे हैं। भाई की डायरी में करीब 1 करोड़ रुपए का हिसाब-किताब लिखा है। वह कपड़ा व्यापार के साथ प्रापर्टी का भी काम करता है। जिसको लेकर कर्जा लिया होगा। मुझे उसके संबंध में ज्यादा जानकारी नहीं है। लेकिन डायरी और सुसाइड नोट में कुछ बातें मृतक विकास लिखकर गया है। उससे 30 प्रतिशत तक का ब्याज वसूला जा रहा था। उसने अपनी डायरी में लिखा है कि गोपालगंज क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को 6 लाख रुपए के बदले 13 लाख रुपए चुका दिए हैं। अभी भी 11 लाख रुपए की मांग की जा रही है। कोर्ट का नोटिस भेज दिया गया। वह बहुत टेंशन में रहता था। इन्हीं प्रताड़नाओं के कारण विकास ने आत्महत्या की थी। भाई सुधीर जैन ने पुलिस से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


