सिवनी में यातायात पुलिस ने ओवरलोड सीमेंट ट्रक के खिलाफ दोपहर में कार्रवाई की है। क्षमता से ज्यादा माल ले जा रहे एक ट्रक पर पुलिस ने 17 हजार रुपए का जुर्माना ठोंका और उसे जब्त कर लिया। यातायात थाना प्रभारी विजय बघेल ने बताया कि चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम ने ट्रक नंबर CG10 BW 1808 को रोका। जब पुलिस ने ड्राइवर से माल के कागजात मांगे, तो वह कुछ भी नहीं दिखा पाया। 7 टन ज्यादा मिला वजन पुलिस ने शक होने पर ट्रक को कांटे पर ले जाकर तुलवाया। जांच में पता चला कि ट्रक में तय क्षमता से करीब 7 टन ज्यादा सीमेंट भरा हुआ था। ओवरलोडिंग पक्की होते ही मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 113 के तहत ट्रक को जब्त कर लिया गया और ड्राइवर से समन शुल्क सहित 17 हजार का जुर्माना वसूला गया। पुलिस की सख्त चेतावनी यातायात पुलिस का कहना है कि ओवरलोड वाहन न सिर्फ सड़कों को खराब करते हैं, बल्कि बड़े हादसों की वजह भी बनते हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि नियम तोड़ने वाले ड्राइवरों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने सभी चालकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने की अपील की है।


