जिले की प्रभारी सचिव रुक्मणि रियार ने सोमवार को हिंडोली पंचायत समिति सभागार में विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने इस दौरान आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का भी अवलोकन किया। प्रभारी सचिव ने केंद्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप व अन्य विभागीय योजनाओं में अब तक हुई प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को समय पर लाभ मिल सके। बैठक में प्रभारी सचिव ने कृषि विभाग की ‘तारबंदी योजना’ की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजना के लक्ष्यों, प्राप्त आवेदनों की प्रशासनिक व वित्तीय स्वीकृतियों और जारी किए गए अनुदान की जानकारी ली। इसके साथ ही ‘फार्म पोंड योजना’ की उपलब्धियों का भी जायजा लिया गया। उद्यान विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने किसानों के लिए शेड नेट लगाने के कार्य और ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना’ के तहत खाद्य उद्योग स्थापित करने वाले लाभार्थियों को अनुदान, प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता तत्परता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने सहकारिता विभाग द्वारा संचालित ‘किसान क्रेडिट कार्ड’ (केसीसी) और ‘सहकार किसान योजना’ सहित अन्य योजनाओं में विशेष ध्यान देते हुए प्रगति लाने को कहा। उन्होंने ‘मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना’ के तहत निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध वर्तमान स्थिति की समीक्षा की और इसे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए। ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ की समीक्षा करते हुए जिला प्रभारी सचिव ने अधिक से अधिक मत्स्य पालकों को योजना से जोड़ने और लाभान्वित करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मत्स्य आखेट (मछली पकड़ने का कार्य) पूरी तरह से विभागीय नियमों के तहत ही होना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। ग्राम उत्थान शिविर का किया अवलोकन
इस दौरान जिला प्रभारी सचिव ने हिण्डोली पंचायत समिति परिसर में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन किया और यहां किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा शिविर में आमजन को अब तक उपलब्ध कराए गए कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली और शिविर की प्रगति के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को मंगला पशु बीमा पॉलिसी, आर्थिक सहायता राशि के चैक भी प्रदान किए। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि वर्मा, उपखंड अधिकारी हिंडोली शिवराज मीणा, तहसीलदार हिंडोली रतन लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


