कोटपूतली के सुरजपुरा में विधिक जागरूकता शिविर:महिला और बाल अधिकारों के बारे में बताया, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सुरजपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निःशुल्क विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सत्यार्थी मूवमेंट फॉर ग्लोबल कम्पैशन के बाल आश्रम द्वारा संचालित बाल मित्र ग्राम सुरजपुरा में आयोजित हुआ। इसका संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटपूतली-बहरोड़ के तत्वावधान में विधिक सेवा समिति विराटनगर के सहयोग से किया गया। स्कूल प्रधानाचार्य ने की अध्यक्षता
कार्यक्रम में भाभरू थानाधिकारी रामकिशोर चौधरी मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रधानाचार्य धर्मराज गुर्जर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। तालुका विधिक सेवा समिति विराटनगर से पैरालीगल वालंटियर मुकेश कुमार सैनी और मनीष मिठावा के साथ पुलिस सखी मोनू शेखावत भी शिविर में मौजूद थीं। कानूनी अधिकारों के बारे में बताया
इस विधिक जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य महिला एवं बाल सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर लोगों को जागरूक करना था। साथ ही, शिविर में उपस्थित लोगों को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति भी जानकारी दी गई। आमजन को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में भी बताया गया। थानाधिकारी रामकिशोर चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी प्रकार के शोषण, हिंसा या अन्याय की स्थिति में पीड़ितों को डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस आमजन की मित्र है और समाज में विश्वास कायम करना उसका प्राथमिक उद्देश्य है। चौधरी ने महिला सुरक्षा के लिए गरिमा हेल्पलाइन 181 और बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। पैरालीगल वालंटियर मुकेश कुमार सैनी ने बच्चों और अभिभावकों को लैंगिक भेदभाव, कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह की रोकथाम और शिक्षा के अधिकार से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि कानून का सही ज्ञान सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इनकी रही सक्रिय सहभागिता
शिविर में बाल मित्र ग्राम सुरजपुरा, छीतौली और बागावास अहिरान सहित आसपास के गांवों से 265 से अधिक ग्रामीणों, महिलाओं, किशोर-किशोरियों और युवाओं ने भाग लिया। प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का विशेषज्ञों ने समाधान किया। कार्यक्रम में महिला मंडल, युवा मंडल, बच्चों, गणमान्य नागरिकों और करुणा सर्किल के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *