धार में सराफा कारोबारी आत्महत्या मामला गरमाया:व्यापारियों पर दबाव के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे लोग

धार नगर के बनियावाड़ी निवासी और श्री हरि ज्वेलर्स के संचालक हरिराम अग्रवाल की आत्महत्या के मामले में सोमवार को सराफा एसोसिएशन और अग्रवाल समाज के सदस्य बड़ी संख्या में कोतवाली थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को एक ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। सराफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पराग अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी के भावों में लगातार उतार-चढ़ाव के कारण कुछ लोग पुराने लेन-देन को लेकर व्यापारियों पर अनुचित दबाव बना रहे हैं। इसी दबाव और मानसिक प्रताड़ना के चलते हरिराम अग्रवाल पिछले 15 से 20 दिनों से अत्यधिक तनाव में थे, जिसके कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पराग अग्रवाल ने यह भी बताया कि कुछ ग्राहक अपनी पुरानी बेची गई ज्वेलरी को गिरवी बताकर वापस मांग रहे थे और शिकायत करने की धमकी देकर व्यापारियों को परेशान कर रहे थे। इस तरह की घटनाओं से पूरे जिले के सराफा व्यापारियों में भय का माहौल बन गया है। एसपी ने उचित जांच के लिए आश्वस्त किया
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ऐसे मामलों में व्यापारियों पर बिना पूरी जांच के कोई कार्रवाई न की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि किसी ग्राहक द्वारा शिकायत की जाती है, तो सराफा संगठन के पदाधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाए और दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही कोई निर्णय लिया जाए, ताकि निर्दोष व्यापारियों को मानसिक प्रताड़ना से बचाया जा सके। इस मामले पर एसपी मयंक अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को ऐसे मामलों में संतुलित और संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं। आत्महत्या के इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीएसपी धार सुजावल जग्गा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। एसपी ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी अवस्थी ने यह भी कहा कि व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। साथ ही, यदि कोई आपराधिक तत्व या अवैध दबाव बनाने वाला सामने आता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी और अग्रवाल समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *