भास्कर न्यूज | बालोद नगरीय निकाय चुनाव की वोटिंग के बाद अब राजनीतिक दलों व प्रशासनिक अफसरों की निगाहें पंचायत चुनाव पर है। जिपं व जपं सदस्य के लिए भाजपा व कांग्रेस के अधिकृत 200 प्रत्याशियों के अलावा 153 निर्दलीय भी मैदान में हैं। हालांकि नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी का चिन्ह मिलता है। इसके लिए बी-फॉर्म जमा करना पड़ता है लेकिन पंचायत चुनाव में ऐसा नहीं होता बावजूद अध्यक्ष की कुर्सी हासिल करने दोनों पार्टी रणनीति बनाकर प्रत्याशी तय करती है। जिले के 5 जनपद पंचायत क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच, सरपंच, जिपं व जपं सदस्य पद के लिए तीन चरण में मतदान होगा। पहले चरण में डौंडी व डौंडीलोहारा जनपद क्षेत्र में 17 फरवरी को मतदान होगा। बालोद जनपद पंचायत क्षेत्र में 20 फरवरी और गुंडरदेही, गुरूर जनपद पंचायत क्षेत्र में 23 फरवरी को मतदान होगा। मतदान के बाद देर शाम, रात तक मतगणना होगी। बालोद जनपद पंचायत में 16 सदस्य पद के लिए 44 प्रत्याशी मैदान में हैं। गुरूर जनपद में 20 सदस्य पद के लिए 60 प्रत्याशी मैदान में है। निर्विरोध के चलते एक सदस्य तय हो चुके हैं। वहीं डौंडीलोहारा जनपद में 25 सदस्य पद के लिए 97 प्रत्याशी मैदान में हैं। डौंडी जपं में 15 सदस्य पद के लिए 63 प्रत्याशी मैदान में है। गुंडरदेही जनपद में 24 सदस्य पद के लिए 89 प्रत्याशी मैदान में हैं। 437 में से 13 ग्राम पंचायतों में सरपंच नहीं चुनेंगे यहां के वोटर्स जिले में कुल 437 ग्राम पंचायत है। जिसमें 13 ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान नहीं होगा। 13 में से 2 पंचायत ऐसे है, जहां 2023 में सरपंच पद के लिए चुनाव हो चुका है। दरअसल डौंडी व चिखलाकसा के 5 वार्डों को मिलाकर दो स्वतंत्र पंचायत का दर्जा मिलने के बाद वोटर्स सरपंच तय कर चुके हैं। ग्राम पंचायत डढ़ारी, टटंेगा, सियनमरा में सरपंच बनने के लिए किसी ने नामांकन फॉर्म जमा नहीं किया। वहीं एक ही नामांकन फार्म जमा होने से हीरापुर, पिकरीपार, हसदा, डौकीडीह, खलारी, मोंगरी, हल्दी, धनगांव में सरपंच तय हो चुके है।


