रोडवेज बस ने 3 महिलाओं को कुचला, मौत:प्रेग्नेंट महिला का अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए ई-स्कूटी पर जा रही थीं, 50 मीटर तक घसीट कर ले गई बस

श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में तेज स्पीड की रोडवेज बस ने स्कूटी सवार महिलाओं को टक्कर मार दी। घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई। जिनमें एक प्रेग्नेंट महिला भी थी और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए स्कूटी पर सवार होकर रायसिंहनगर जा रही थीं। हादसा 41 एनपी बस स्टैंड के पास केवी स्कूल के नजदीक हुआ। हादसा इतना खतरनाक था कि ई-स्कूटी पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। रोडवेज बस स्कूटी और महिलाओं को 50 मीटर दूर तक घसीटते हुए ले गई। घटना करीब दोपहर 3 बजे हुई। मृतक महिलाओं की पहचान सुमन (28), पिंकी (23) और रेशमा (29) के रूप में हुई है। तीनों महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही है और 40 एनपी गांव की रहने वाली थीं। जानकारी अनुसार रेशमा 6 माह की प्रेग्नेंट थीं। वह अपने घर से सुमन और पिंकी के साथ ई-स्कूटी पर सवार होकर रायसिंहनगर अल्ट्रासाउंड करवाने जा रही थी। जैसे ही उन्होंने भारत माला रोड पर स्कूटी को मोड़ा तो रायसिंहनगर से बीकानेर जा रही रोडवेज बस ने सामने से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। बस की स्पीड इतनी तेज थी कि तीनों महिलाएं बस के नीचे आ गईं और काफी दूर तक घसीटी गईं। घटना के बाद सवारियों में हड़कंप मच गया। आस-पास के लोगों ने 42 एनपी टोल से एम्बुलेंस बुलाई लेकिन तब तक सुमन और पिंकी की मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर घायल रेशमा को रायसिंहनगर के सरकारी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। जहां रेशमा की मौत हो गई। घटना के बाद रायसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *