जयपुर पुलिस को सोमवार दोपहर बछड़े का सिर काटकर चौराहे पर लटकाने की झूठी सूचना देने का मामला सामने आया है। श्याम नगर थाना पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले शरारती तत्वों को राउंडअप किया है। पुलिस जांच में आया कि दूध के लालच में बछड़े का शव गोशाला से लेकर आए मालिक ने गाय के सामने रखा था। DCP (साउथ) राजर्षि राज ने बताया- झूठी सूचना देने के मामले में आरोपी शैलेष मीणा (21) निवासी गली नंबर-3 अशोकपुरा श्याम नगर और इन्द्र खोडा (21) निवासी राजीव नगर हसनपुरा को पकड़ा गया है। इसके साथ ही एक गाय के मालिक बंटी उर्फ सत्यनारायण शर्मा (46) को भी राउंडअप किया गया। हरकत में आई पुलिस ने पकड़ा
कुछ शरारती तत्वों की ओर से दोपहर करीब 1:30 बजे SHO (श्याम नगर) दलबीर सिंह को वायरलैस व वॉट्सऐप मैसेज से सूचना मिली। अशोकपुरा की गली नंबर-3 में चौराहे पर गाय के बछड़े का सिर काटकर लटका रखा है। सूचना पर पहुंच जाच करने पर मौके पर एक गाय बंधी मिली। जिसके पास में एक बछड़े का सिर बोरी में रखा था। उसके आस-पास में काफी भीड़ इकट्ठा हो रखी थी। गाय ऑनर बंटी उर्फ सत्यनारायण शर्मा (46) से पूछताछ की ई। उसने बताया कि मेरी गाय का बछड़ा एक दिन पहले मर गया था। जिसको कल नगर निगम की ओर से हिंगोनिया गौशाला भिजवाया गया था। बछड़े के मर जाने के कारण गाय दूध नहीं दे रही थी। लोगों के कहने पर लाया, शरारती तत्वों ने दी सूचना
SHO (श्याम नगर) दलबीर सिंह को गाय ऑनर सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि लोगों ने कहा कि गाय के बछड़े का सिर लाकर उसके पास में रख दो। गाय अपना बछड़ा देखकर दूध दे सके। दूध के लालच में हिंगोनिया गौशाल जाकर भूलवश व भावनाओं में बहकर अपनी खुद की गाय के मृत बछड़े के सिर वाला हिस्सा हिंगोनिया गौशाला मुर्दा मवेशी घर से लेकर आ गया। जिसमें कल शाम को भुसा भरकर गाय के पास लाकर बांध दिया। वहां मौजूद शैलेष मीणा (21) निवासी गली नंबर-3 अशोकपुरा श्याम नगर और इन्द्र खोडा (21) निवासी राजीव नगर हसनपुरा ने इस बारे में झूठी सूचना बनाकर पुलिस को दे दी। झूठी अफवाह में बताया कि गाय के बछड़े का सिर चौराहे पर लटका दिया है। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस के जांच के दौरान सूचना झूठी मिलने पर राहत की सांस ली। सोशल मीडिया पर किया अपलोड
पुलिस का कहना है कि शरारती तत्वों की ओर से वीडियो के साथ भ्रामक जानकारी देते हुए सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जिसे ढूंढकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। गौवंश के साथ किसी भी तरह की हिंसा होना नहीं पाया गया है।


