क्रिकेट: रायगढ़ विवि ने रेवेंशॉ को हराया

भास्कर न्यूज | रायगढ़ ईस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी क्रिकेट टूर्नामेंट में शहीद नंद कुमार पटेल यूनिवर्सिटी की टीम ने रेवेंशॉ यूनिवर्सिटी को हराकर अगले राउंड में जगह बनाई। अब टीम बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी, कटक के खिलाफ खेलेगी। बुधवार को रायगढ़ और रेवेंशॉ यूनिवर्सिटी के बीच मुकाबला हुआ। रायगढ़ की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। यह रणनीति सही साबित हुई। रेवेंशॉ यूनिवर्सिटी की टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 120 रन ही बना सकी। ज्योति रदईटी ने 23 और राजेंद्र ने 20 रन बनाए। रायगढ़ यूनिवर्सिटी के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। आलोक ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट लिए। रियाज अली ने 4 ओवर में 27 रन देकर 1 विकेट लिया। विन्रम ने 3 ओवर में 1 मेडन रखते हुए 18 रन देकर 1 विकेट लिया। सुधीर ने 4 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट झटके। विशाल और कमलेश ने 2-2 ओवर में 12-12 रन दिए। जानू ने 1 ओवर में 10 रन खर्च किए। रायगढ़ की टीम ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। चिराग सिंह राज ने 12, राहुल ने 5, रियाज ने 15, कमलेश ने 10 रन बनाए। भावेश 45 और आलोक 30 रन बनाकर नॉटआउट रहे। आलोक रंजन दुबे को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 30 रन बनाए और 2 विकेट लिए। इस जीत के साथ रायगढ़ यूनिवर्सिटी की टीम अगले राउंड में पहुंच गई। अब उसका मुकाबला बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी, कटक से होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *