आबूरोड से जोधपुर जा रही एक रोडवेज बस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। यह घटना सिरोही जिला मुख्यालय से लगभग 9 किलोमीटर दूर अंबेश्वर जी के पास हुई, जिससे बस में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को तुरंत रोक दिया। सिरोही बस स्टैंड से रवाना होने के बाद जैसे ही बस अंबेश्वर जी के पास पहुंची, उसके इंजन से तेजी से धुआं निकलने लगा। धुआं देखकर ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। बस रुकते ही सभी यात्री एक-एक करके नीचे उतर गए। ड्राइवर ने इंजन की जांच की तो पता चला कि उसमें कोई बड़ी खराबी थी, जिससे एक गंभीर हादसा टल गया। रोडवेज प्रबंधन ने बस को मरम्मत के लिए वापस भेजने की व्यवस्था की। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। कुछ यात्रियों ने अपने स्तर पर अन्य वाहनों से यात्रा जारी रखी। ड्राइवर ने रोडवेज डिपो को घटना की सूचना दी और बताया कि बस को आगे ले जाना संभव नहीं है, जिसके बाद वैकल्पिक व्यवस्था की गई।


