शहर के मादड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार देर रात शॉर्ट सर्किट से ड्रग (दवाई) फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग दूसरी मंजिल पर लगी, जो बाद में पूरी फैक्ट्री में फैल गई। गनीमत रही कि सायरन बजने से अंदर काम कर रहे 80 कर्मचारी समय रहते बाहर निकल गए। आग इतनी विकराल थी कि 13 दमकलों ने 134 चक्कर लगाकर 5 घंटों में आग पर काबू पाया। आग से करोड़ों की मशीनें और दवाइयां बनाने का कच्चा माल जलकर कर खाक हो गया। मादड़ी इंडस्ट्रीयल एरिया के रोड नंबर-12 पर बीएल डागलिया की वेस्टर्न ड्रग्स लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री है। यहां नियासिन (विटीमिन बी3) टेबलेट बनाई जाती है। बुधवार रात 2 बजे फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर अचानक शॉर्ट-सर्किट हो गया। चिंगारी से उठी आग देखते ही देखते पूरी मंजिल पर फैल गई। करीब 5-10 मिनट में ही सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल गए। इसके बाद फायर ब्रिगेड व आलाधिकारियों को सूचना दी। कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री आग की चपेट में आ गई। लपटें 2-3 किमी दूर तक दिखाई दे रही थी। फायर स्टेशन मीरा कला, मादड़ी, अशोक नगर, सुंदरवास और चेतक से 11 फायर ब्रिगेड और प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ऑफिसर बाबूलाल चौधरी, शिवराम मीणा और नवदीप बग्गा भी मौके और हिंदुस्तान जिंक और आरएसएमएम से एक-एक फायर ब्रिगेड को और बुलाया। 13 गाड़ियों के दमकलकर्मी पानी का छिड़काव कर आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। दमकलों ने 134 चक्कर लगाकर रात 2 बजे लगी आग पर 5 घंटे बाद सुबह 7 काबू पाया। फिर से आग लगने की आशंका, दोपहर तक तैनात रही दमकल
आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री के कई हिस्सों से धुआं निकलता रहा। दमकलें पानी का छिड़काव करती रही। आग बुझने के बाद दमकलकर्मी फैक्ट्री के अंदर स्थिति देखने गए। चारों ओर जले हुए पाउडर व अन्य सामान की राख और पानी डालने फैला हुआ कीचड़ मिला। अंदर लगी मशीनें पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वापस आग लगने की आशंका पर 2-3 दमकलें दोपहर 3 बजे तक फैक्ट्री के बाहर ही तैनात रहीं। विधायक, कलेक्टर समेत कई अधिकारियों ने लिया जायजा
सुबह 5 बजे एडीएम सिटी वार सिंह और एसडीएम मौके पर पहुंचे। इसके बाद विधायक ताराचंद जैन ने भी जायजा लिया। फैक्ट्री मालिक से बात की। कलेक्टर नमित मेहता, यूडीए आयुक्त राहुल जैन और निगम आयुक्त रामप्रकाश को तंग गलियों में लगीं फैक्ट्रियों के बारे में बात की। इंडस्ट्रियल एरिया में जगह-जगह टीनशेड लगाकर चल रही फैक्ट्रियों की जांच करने को कहा। अवैध के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।


