लुधियाना के थाना टिब्बा में अंतर्गत आते गोपाल नगर चौक के पास आज उस समय हंगाम देखने को मिला जब कुछ हमलावरों ने एक कार को घेरकर उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के समय कार में एक महिला अपनी भतीजी और बच्चे के साथ मौजूद थी। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। क्या है पूरा मामला? पटियाला की रहने वाली निशा अपनी भतीजी और उसके सात महीने के बेटे को लेने के लिए लुधियाना आई थीं। जैसे ही उनकी कार गोपाल नगर चौक (गोशाला रोड) के पास पहुंची अचानक बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। वीडियो में क्या दिखाई दिया वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाइक पर सवार दो युवक हाथों में नंगी तलवारें लहरा रहे हैं। हमलावरों ने कार की फ्रंट शीशे और दरवाजों पर ताबड़तोड़ वार किए। मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने बीच-बचाव कर हमलावरों को रोकने की कोशिश भी की। हमले के दौरान कार के भीतर मौजूद बच्चा और महिलाएं बुरी तरह सहम गए। पुलिस की कार्रवाई शिकायत का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई लेकिन हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। थाना टिब्बा इंचार्ज बलबीर सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो उनके संज्ञान में आया है। फिलहाल पुलिस को कोई आधिकारिक लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।पुलिस का दावा है कि शिकायत मिलते ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में दहशत का माहौल दिनदहाड़े व्यस्त सड़क पर हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में काफी रोष है। लोगों का कहना है कि सरेआम हथियार लहराने वाली ऐसी घटनाओं से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


