भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य को जान से मारने की धमकी मिली। बालमुकुंदाचार्य ने आरोप लगाया- कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फोन पर गंदी-गंदी गालियां और जान से मारने की धमकी दी। विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा- एक व्यक्ति ने खुद को कांग्रेस कार्यकर्ता बताते हुए उन्हें फोन पर भी धमकी और अपशब्द कहे। विधायक बालमुकुंदाचार्य और विधायक अमीन कागजी में 8 फरवरी को विवाद हुआ था। जयपुर के परकोटा क्षेत्र में चांदपोल गेट स्थित सब्जी मंडी में अवैध रूप से छत निर्माण को लेकर विवाद हुआ था। आयुर्वेद संस्थान में मीडिया से बातचीत करते हुए बालमुकुंदाचार्य ने सोमवार को कहा- वे केवल अधिकारियों से यह कहने गए थे कि निर्माण कार्य की जांच की जाए। यदि काम नियमानुसार हो रहा है तो जारी रहे और नियमों के खिलाफ होने पर उसे रोका जाए। उनका उद्देश्य किसी तरह का विवाद या उपद्रव करना नहीं था। वहीं मामले में किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के विधायक अमीन कागजी ने बालमुकुंदाचार्य के आरोपों को बेबुनियाद बताया। सनातनियों को परकोटा क्षेत्र से बाहर करने की साजिश का आरोप
हवामहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा- कुछ लोग सुनियोजित तरीके से सनातन समाज को परकोटा क्षेत्र से बाहर करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे परेशान होकर कई परिवार इलाका छोड़ चुके हैं और गलियां खाली हो रही हैं। जयपुर में अशांति फैलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विधायक ने आरोप लगाया- मौके पर मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे माहौल बिगड़ गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में तनाव पैदा करती हैं। अशांत बिल को लेकर विपक्ष पर हमला
भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य ने कहा- राज्य सरकार द्वारा लाया जा रहा ‘अशांत क्षेत्र विधेयक-2026’ सनातन समाज की सुरक्षा के लिए जरूरी है। इससे धार्मिक स्थलों और संपत्तियों की रक्षा होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस बिल से कांग्रेस विधायक अमीन कागजी और रफीक खान को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा- चांदपोल हनुमान मंदिर और गणेश मंदिर के पास गुपचुप तरीके से मीनार खड़ी करने की कोशिश की जा रही थी। इससे शहर का माहौल खराब करने का प्रयास हुआ। कागजी बोले- माहौल कौन खराब कर रहा, सब जानते हैं
किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अमीन कागजी ने बालमुकुंदाचार्य के आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा- माहौल कौन खराब कर रहा है, यह सब जानते हैं। भाजपा विधायक लगातार अनर्गल बयानबाजी कर जयपुर और प्रदेश का माहौल बिगाड़ रहे हैं। ……. यह खबर भी पढ़ें… जयपुर के परकोटे में निर्माण पर दो विधायक भिड़े:बालमुकुंदाचार्य ने कहा-दीवार तोड़कर हो रहा अतिक्रमण, कागजी बोले- शर्म नहीं आती क्या महाराज? जयपुर में एक बिल्डिंग की छत निर्माण को लेकर दो विधायक भी आमने-सामने हो गए। विधायक बालमुंकुदाचार्य ने कहा- पुरातत्व को बचाओ। अजमेरी गेट-घाटगेट पर अवैध निर्माण हो रहे हैं। यहां चांदपोल में बिल्डिंग एक समान रंग में नहीं हैं। सरकारी सब्जी मंडी में 4 बाई 4 का अतिक्रमण है। किशनपोल विधायक ने इसके लिए 20 लाख रुपए भी दिए। परकोटा क्षेत्र की दीवार तोड़कर इसे 400 गज का करने का प्रयास किया जा रहा है, ये गलत है। इस पर मौके पर मौजूद किशनपोल विधायक अमीन कागजी भड़क गए, उन्होंने कहा– मैंने मंदिरों के काम करवाए, तब आप नहीं आए। तब आपको परकोटा नहीं दिखा। तब कहां थे महाराज। शर्म नहीं आती क्या? मामला 8 फरवरी का है। (पूरी खबर पढ़ें)


