अनूपपुर जिले की भालूमाड़ा थाना पुलिस ने ग्राम बदरा में हुई एक चोरी की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 1 किलो 700 ग्राम चांदी, 2 तोले सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार जब्त की है। यह चोरी 19-20 जनवरी की रात को पेट्रोल पंप मालिक संग्राम सिंह के घर हुई थी, जब वे परिवार के साथ इलाज कराने नागपुर गए थे। चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी से जेवरात और नगदी पार कर दी थी। टीम ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो एक सफेद इनोवा कार संदिग्ध नजर आई। टोल नाके से मिला सुराग जांच के दौरान बिजुरी टोल नाके पर दिखी गाड़ी के जरिए पुलिस सरगुजा के कुर्बान रजा खान तक पहुंची। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने चोरी के जेवरात अंबिकापुर के एक ज्वेलर नीरज सोनी को 9 लाख रुपए में बेच दिए थे। सुनार ने पकड़े जाने के डर से गहनों को गलाकर नए जेवर बनाना भी शुरू कर दिया था। चार गिरफ्तार, तीन अब भी फरार पुलिस ने वाहन मालिक कुर्बान रजा खान, ज्वेलर नीरज सोनी और दो अन्य आरोपियों अनीश उर्फ गोल्डन और नंदलाल गिरी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, गिरोह के तीन मुख्य सदस्य जब्बीर खान, आरिफ खान और मानवेन्द्र लकड़ा अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।


