18 दिन से लापता रायसेन की नाबालिग महाराष्ट्र में मिली:मुख्य आरोपी गिरफ्तार; शादी कर किराए के कमरे में रखा था

रायसेन पुलिस ने एक नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले का खुलासा सोमवार को कर दिया। पुलिस ने महाराष्ट्र से अपहृत नाबालिग को बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जयकुमार राजपूत नाबालिग को लगभग 18 दिन पहले बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। रायसेन जिले की पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के बुलढाना से नाबालिग लड़की को आरोपी के साथ मजदूरी करते हुए दस्तियाब किया है। सिलवानी एसडीओपी अनिल मौर्य ने बताया कि आरोपी की तलाश में सिलवानी थाने की पुलिस टीम लगातार सर्च कर रही थी। टीम ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जांच की। किराए के कमरे में रखा था
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी अनिल मौर्य ने एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया था। थाना प्रभारी श्यामराज सिंह राजपूत सहित टीम ने लगातार सुराग जुटाए, तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और आखिरकार महाराष्ट्र तक पहुंचकर इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। आरोपी जयकुमार राजपूत लड़की से शादी कर उसे अपने साथ एक किराए के कमरे में रखता था और मजदूरी कर रहा था। पुलिस ने मामले में अपहरण और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मुख्य आरोपी जयकुमार राजपूत को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश तेज
वहीं, दूसरे आरोपी की तलाश तेजी से जारी है, जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। बालिका का जिला चिकित्सालय में मेडिकल परीक्षण कराया गया है। गौरतलब है कि नाबालिग की सुरक्षित वापसी को लेकर शनिवार को साहू समाज ने सुल्तानगंज थाना परिसर में प्रदर्शन किया था। एसडीओपी अनिल मौर्य ने तीन दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिलाया था, जबकि पुलिस टीम पहले ही गोपनीय मिशन पर महाराष्ट्र रवाना हो चुकी थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *